दन्तेवाड़ा

सावन का पहला सोमवार: शिवालयों में उमड़े भक्त
04-Aug-2026 10:56 PM
सावन का पहला सोमवार: शिवालयों में उमड़े भक्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 4 अगस्त। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर बचेली नगर शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। सुबह से ही नगर के शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।

नगर के पुराना मार्केट मेन रोड स्थित शिव मंदिर, वन विभाग कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, पुलिस थाना कॉलोनी, आरईएस कॉलोनी शिव मंदिर, लिंगेश्वर कैम्प, राम मंदिर परिसर व लेबरहटमेंट चौक स्थित शिवालाय सहित अन्य सभी शिवालयों में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने विधि-विधान से भगवान शिव का जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा एवं पुष्प अर्पित कर अभिषेक किया तथा परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मंगलमय जीवन की कामना की।

सावन सोमवार के अवसर पर महिलाओं, पुरुषों, युवाओं एवं बच्चों ने भी बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। कई स्थानों पर सामूहिक शिव आराधना, भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण शिवमय बना रहा।


अन्य पोस्ट