दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली /किरंदुल, 4 अगस्त। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन के निर्देशन में जिले में सडक़ सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जनजागरूकता एवं समन्वयात्मक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं।
इसी क्रम में 3 अगस्त को किरंदुल पुलिस द्वारा बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (बीटीओए) एवं बैलाडीला ठेकेदार संघ के पदाधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान पुलिस विभाग द्वारा निम्नलिखित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया— सडक़ों पर ट्रकों की अव्यवस्थित पार्किंग पर प्रभावी रोक लगाकर यातायात को सुचारु बनाए रखने की आवश्यकता।ओवरलोड बस, ट्रक, टेम्पो एवं अन्य मालवाहक वाहनों के संचालन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना। शराब पीकर वाहन चलाने (ड्रिंक एंड ड्राइव) करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर वैधानिक कार्रवाई। सभी मालवाहक वाहन चालकों का चरित्र सत्यापन कराना तथा उनके ड्राइविंग लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की नियमित जांच सुनिश्चित करना।बिना वैध परमिट के संचालित वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई करना।
बैठक में उपस्थित बैलाडीला ट्रक ओनर्स एसोसिएशन (बीटीओए) एवं बैलाडीला ठेकेदार संघ के पदाधिकारियों ने सडक़ सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करने, यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जनहित में कार्य करने की सहमति व्यक्त की।
दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा पुलिस ने सभी वाहन स्वामियों, परिवहन व्यवसायियों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पूर्णत: पालन करें, निर्धारित मानकों के अनुरूप ही वाहनों का संचालन करें तथा सुरक्षित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवस्था के निर्माण में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।