दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 2 अगस्त। दंतेवाड़ा के वीएलई राम प्रहलाद सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों तक डिजिटल सेवाएं पहुंचाने हेतु राज्य स्तरीय सम्मान से नवाजे गए। उक्त समारोह 17वें सीएससी दिवस के अवसर पर रायपुर के न्यू सर्किट हाउस स्थित कन्वेंशन हॉल में आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओम प्रकाश चौधरी ने उन्हें प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया।
श्री सिंह को यह सम्मान दंतेवाड़ा जिले में सीएससी के माध्यम से विभिन्न शासकीय एवं नागरिक सेवाओं के प्रभावी संचालन, ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार तथा जनहित में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए प्रदान किया गया। उन्होंने जिले के दूरस्थ एवं आदिवासी अंचलों तक आधार सेवाएं, बैंकिंग, बीमा, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एग्रीस्टैक पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पेंशन, डिजिटल भुगतान सहित अनेक महत्वपूर्ण सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से आम नागरिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड आज देश का सबसे बड़ा डिजिटल सेवा नेटवर्क बन चुका है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की ग्राम पंचायतों तक सीएससी केंद्रों की पहुंच ने ग्रामीण नागरिकों को सरकारी सेवाओं से जोडऩे में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सीएससी वीएलई गांव-गांव तक डिजिटल सेवाएं पहुंचाकर शासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सीएससी के माध्यम से ग्रामीण नागरिकों को आधार, बैंकिंग, बीमा, किसान हितैषी योजनाओं सहित अनेक आवश्यक सेवाएं उनके गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं। इससे लोगों का समय और संसाधनों की बचत होने के साथ-साथ शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंच रहा है।
कार्यक्रम में दंतेवाड़ा जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ जिले में श्री राम प्रहलाद सिंह द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों की विशेष सराहना की गई। उनकी सेवा भावना, कार्य के प्रति समर्पण एवं जनहित में किए गए प्रयासों ने उन्हें राज्य स्तर पर विशिष्ट पहचान दिलाई है। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि दंतेवाड़ा जिले तथा यहां कार्यरत सभी सीएससी वीएलई के लिए भी गौरव का विषय है।
समारोह के अंत में राज्यभर से चयनित उत्कृष्ट सीएससी प्रतिनिधियों को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।