दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 2 अगस्त। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत द्वारा संचालित ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत रविवार को जिले में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर युवाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
जिले का मुख्य कार्यक्रम आदर्श कॉलेज, गीदम में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मूलचंद चोपड़ा तथा जिला युवा अधिकारी आदित्य पांडे बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थे। कार्यक्रम में जिले के 500 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को माय भारत की ओर से सहभागिता प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री चोपड़ा ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, नवाचार और समाज सेवा में लगानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
नशा मुक्ति की ली शपथ
इस दौरान आदित्य पांडे ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ की शपथ दिलाई।
उन्होंने बताया कि यह अभियान केवल एक दिवसीय आयोजन नहीं है, बल्कि आगामी 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को जिले में जन-जागरूकता रैली, खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामुदायिक गतिविधियों तथा संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लगातार संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक युवाओं को इस अभियान से जोड़ा जा सके।
कार्यक्रम के अंत में माय भारत, दंतेवाड़ा द्वारा जिले के सभी युवाओं से अपील की गई कि वे इस जनआंदोलन का हिस्सा बनें, नियमित रूप से आयोजित गतिविधियों में सहभागिता करें तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशा मुक्त भारत के संकल्प से जोडऩे में सहयोग दें।
‘नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं’—इसी संदेश के साथ उपस्थित सभी युवाओं ने प्रधानमंत्री के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने तथा नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।