दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/किरंदुल, 1 अगस्त। सावन में भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था और श्रद्धा का अनुपम दृश्य शनिवार को किरंदुल और बचेली में देखने को मिला। किरंदुल-बचेली बोल बम समिति के बैनर तले करीब 40 से 45 शिवभक्तों का जत्था 30 जुलाई की रात लगभग 11 बजे बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के लिए रवाना हुआ। रवानगी के दौरान पूरा माहौल हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।
श्रद्धालु पहले बस के माध्यम से किरंदुल और बचेली से जगदलपुर पहुंचे। इसके बाद वे ट्रेन से हावड़ा और फिर हावड़ा से बिहार के सुल्तानगंज के लिए प्रस्थान करेंगे। सुल्तानगंज में उत्तरवाहिनी गंगा से पवित्र जल भरने के बाद सभी कांवडि़ए करीब 110 किलोमीटर की पदयात्रा करते हुए झारखंड स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर पहुंचेंगे, जहां भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
परिवारजनों और स्थानीय लोगों ने शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके सफल एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। श्रद्धालुओं ने बताया कि सावन में बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करना उनके लिए केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का प्रतीक है।
किरंदुल-बचेली बोल बम समिति द्वारा आयोजित इस यात्रा में हर वर्ष बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल होते हैं। कठिन रास्तों और लंबी पदयात्रा के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बनता है।
श्रद्धालु देवघर पहुंचकर बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक करेंगे तथा क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की मंगलकामना करेंगे।