दन्तेवाड़ा

अरनपुर-जगरगुंडा सडक़ पर प्रतिबंध
29-Jul-2026 10:08 PM
अरनपुर-जगरगुंडा सडक़ पर प्रतिबंध

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 29 जुलाई। दंतेवाड़ा में विगत 48 घंटे से मूसलाधार बारिश बारिश जारी है। जिससे जिले के कई सडक़ों में कटाव हो गया इसके फलस्वरूप वाहनों का आवागमन बाधित हुआ।

 लोक निर्माण विभाग के बड़े बचेली अनुविभाग अंतर्गत अरनपुर-जगरगुंडा घाटी मार्ग क्षेत्र में भारी वर्षा और भूस्खलन की आशंका जताई गई है। तहसीलदार बचेली, एसडीओ पीडब्ल्यूडी, द्वारा उक्त स्थल का मौके पर मुआयना कर जाँच किया गया। उक्त सडक़ में विगत मंगलवार रात को भूस्खलन हुआ था। लोक निर्माण विभाग के कर्मियों द्वारा 6 घंटे की  मरम्मत भी की गई है। वर्तमान में उक्त स्थल में पानी के साथ मिट्टी का रिसाव अभी भी हो रहा हैं जिसके कारण कभी भी पुन: भूस्खलन होने की संभावना है। घाटी के अन्य स्थलों पर भी पेड़ गिरने, भूस्खलन होने की संभावना के साथ-साथ पानी के बहाव के कारण पूरी तरह खोखला, क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके मध्य नजर जिला प्रशासन द्वारा आगामी 48 घंटे एवं वर्षा अवधि तक अरनपुर- जगरगुंडा मार्ग को आवागमन हेतु प्रतिबंधित किया गया है।

उक्त सडक़ के निरीक्षण में जांच दल पहुंचा। दल के सदस्य तहसीलदार, बड़े बचेली, महेश कश्यप ने ‘छत्तीसगढ़’ को बताया कि  अरनपुर से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर सडक़ में भूस्खलन हुआ है। कमल पोस्ट के समीप सडक़ कई मीटर तक सडक़ कट चुकी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा मरम्मत के बावजूद भी सडक़ सडक़ का कटाव जारी है। किसी हादसे को रोकने हेतु इस सडक़ पर आवागमन को प्रतिबंधित किया गया है।


अन्य पोस्ट