दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 28 जुलाई। नगर में कुछ दिनों से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। कभी तेज बौछारें तो कभी हल्की बारिश, लेकिन बादलों ने लगभग मंगलवार को पूरे दिन बचेली को भिगोए रखा। मुख्य मार्ग पर भी बारिश का असर साफ देखने को मिला, जहां लोग छाता और रेनकोट लेकर अपने जरूरी कामों के लिए निकलते नजर आए।
बारिश के बीच बचेली की रोजमर्रा की जिंदगी भी अपनी रफ्तार से चलती रही। कोई ड्यूटी के लिए निकला तो कोई बाजार के काम से। सडक़ों पर दोपहिया वाहन चालक बारिश से बचते हुए संभलकर चलते दिखाई दिए। बचेली और आसपास का इलाका वैसे भी पहाड़ों और घने जंगलों से घिरा हुआ है। ऐसे में बारिश के दौरान शहर का नजारा पूरी तरह बदल जाता है।
पहाडिय़ों पर छाई धुंध, चारों तरफ हरियाली और बारिश से भीगी सडक़ें मानसून की अलग ही तस्वीर पेश कर रही हैं।
बंगाल की खाड़ी में बने गहरे दबाव (डीप डिप्रेशन) का असर बस्तर संभाग में भी देखने को मिल रहा है। दंतेवाड़ा जिले के बचेली-किरंदुल सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश का दौर बना हुआ है। लगातार बारिश को देखते हुए नदी-नालों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है
मौसम विभाग ने भी अगले 48 घंटों के दौरान कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है।