दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 21 जुलाई। नगर पालिका परिषद, बड़े बचेली में मंगलवार को एल्डरमैन (नामांकित पार्षदों) का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यालय नगर पालिका परिषद के सभा कक्ष में आयोजित इस कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) राजीव कुजूर ने सभी नामांकित एल्डरमैनों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण करने वाले नामांकित एल्डरमैनों में अरुणा टंडन, लक्ष्मी पाणी, सुनील साहू, हनुमान माहेश्वरी एवं शिखा अधिकारी शामिल रहे। सभी नव-नामांकित एल्डरमैनों ने नगर के विकास, जनहित एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी थे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती थे। वही कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल ने की। इस अवसर पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णाराव, पालिका उपाध्यक्ष सतीश प्रेमचंदानी, उपयंत्री संतोष नेगी, पार्षद धन सिंह नाग, विलासिनी नाग, सावित्री आचार्य, झिलकी नाग, हरीश शर्मा, दीपक सरकार, गीतांजलि जायसवाल, ओम प्रकाश जैन, श्यामलाल सेठिया व अन्य पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं नगर के गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि नगर पालिका परिषद बड़े बचेली में पहले 18 निर्वाचित पार्षद थे, वहीं अब 5 एल्डरमैन के नामांकन के बाद परिषद के सदस्यों की संख्या बढक़र 23 हो गई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की बढ़ी हुई भागीदारी से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी, नागरिकों की समस्याओं का अधिक प्रभावी ढंग से निराकरण होगा तथा नगर के सर्वांगीण विकास में सभी जनप्रतिनिधि मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह के दौरान जनप्रतिनिधियों ने नव-नामांकित एल्डरमैनों को शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि उनका अनुभव और सहयोग नगर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा जनसमस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।