दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 21 जुलाई। छत्तीसगढ़ शासन की नि:शुल्क सरस्वती साइकिल वितरण योजना के तहत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कुआकोण्डा में विधायक दंतेवाड़ा, चैतराम अटामी और जिपं अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने छात्राओं को साइकिल का वितरण किया।
इस गरिमामय समारोह का शुभारंभ विधायक चैतराम अटामी और अध्यक्ष जिला पंचायत नंदलाल मुड़ामी द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विधायक चैतराम अटामी ने छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह योजना बालिकाओं की शिक्षा को प्रोत्साहित करेगी।
इस अवसर पर अध्यक्ष, जिला पंचायत, नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि यह योजना हमारी बेटियों को विद्यालय पहुंचने में सुविधा प्रदान करेगी। इस योजना के आगमन से पूर्व बेटियां आवागमन के साधन की अभाव में ड्रॉपआउट हो जाती थी। अब साइकिल के माध्यम से ड्रॉप आउट की समस्या समाप्त हो जाएगी। इसके साथ ही विद्यालय आवागमन में लगने वाले समय की बचत भी होगी। अध्यक्ष श्री मुड़ामी द्वारा छात्राओं को कठिन परिश्रम से अध्ययन करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत फलदार पौधों का रोपण भी किया गया। इस अवसर पर विधायक और अध्यक्ष नें पौधों का रोपण किया। दोनों ही नेताओं नें अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया। जिससे पर्यावरण संवर्धन हो सके। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष सुकालू मुड़ामी,उपाध्यक्ष जिला पंचायत अरविन्द कुंजाम, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, दीपिका भदौरिया, चंद्रपाल भदौरिया, सतनेश सविता, भीमा कवासी, सुमित भदौरिया, मंगल सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी प्रमोद भदौरिया, बीआरसी रत्तू राणा, शिक्षक -शिक्षिकायें और बड़ी संख्या में छात्रायें मौजूद थी।