दन्तेवाड़ा
कर्मियों के वेतन पुनरीक्षण पर स्वतंत्र निदेशक मंडल से संयुक्त प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली /किरंदुल, 20 जुलाई। एनएमडीसी के स्वतंत्र निदेशक मंडल के सदस्य भारत बाबूराव पाटील, महेंद्र सिंह राव एवं अचल कुमार सिन्हा के किरंदुल प्रवास के दौरान कर्मचारियों के हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इस अवसर पर संयुक्त खदान मजदूर संघ (एटक) और मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने वर्ष 2022 से लंबित वेतन पुनरीक्षण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वेतन पुनरीक्षण का प्रस्ताव लंबे समय से भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय में लंबित है। उन्होंने कर्मचारियों के हित और मनोबल को ध्यान में रखते हुए इस पर शीघ्र निर्णय कराने तथा केंद्रीय इस्पात मंत्री एवं इस्पात सचिव स्तर पर आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।
इंटक की ओर से अध्यक्ष विनोद कश्यप, सचिव ए.के. सिंह एवं कार्यकारी अध्यक्ष चिन्ना स्वामी तथा एटक की ओर से अध्यक्ष देवरायलू, कार्यकारी अध्यक्ष रोशन मिश्रा एवं कोषाध्यक्ष देवेंद्र कटारिया उपस्थित रहे। दोनों संगठनों ने कर्मचारियों की मांगों को संयुक्त रूप से प्रभावी ढंग से रखा।
स्वतंत्र निदेशक मंडल के सदस्यों ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक स्तर पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया। इस दौरान बीआईओएम किरंदुल कॉम्प्लेक्स के अधिशासी निदेशक रविंद्र नारायण, मुख्य महाप्रबंधक (वक्र्स) किशन आहुजा, महाप्रबंधक एस.के. कोचर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।