दन्तेवाड़ा

लाखों की लागत से बना यात्री प्रतीक्षालय बना शोपीस
19-Jul-2026 9:41 PM
लाखों की लागत से बना यात्री प्रतीक्षालय बना शोपीस

 हैंडओवर और बिजली कनेक्शन के अभाव में शुरू नहीं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 19 जुलाई। यात्रियों की सुविधा के उद्देश्य से लाखों की लागत से बनाया गया यात्री प्रतीक्षालय शोपीस बनकर रह  गया है। मेन रोड नगर के वार्ड क्रमांक-2 में वर्ष 2023-24 के दौरान एनएमडीसी की सीएसआर मद से लगभग 12.50 लाख की लागत से ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग द्वारा इस प्रतीक्षालय का निर्माण कराया गया था। निर्माण कार्य पूरी तरह पूरा हो जाने के बावजूद अब तक भवन का हैंडओवर नगरपालिका को नहीं किया गया है, जिसके कारण इसका उपयोग शुरू नहीं हो सका है।

जानकारी के अनुसार प्रतीक्षालय में विद्युत वायरिंग का कार्य पूर्ण हो चुका है। भवन में तीन पंखे, बल्ब एवं अन्य आवश्यक विद्युत सामग्री भी लगा दी गई है, लेकिन अब तक मुख्य बिजली कनेक्शन नहीं जोड़ा गया है। यही वजह है कि पूरी तरह तैयार होने के बावजूद यह भवन आम लोगों के लिए बंद पड़ा है।

यात्री सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रतीक्षालय परिसर में दुकान और शौचालय जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, लेकिन वर्तमान में सभी स्थानों पर ताले लगे हुए हैं। लंबे समय से उपयोग नहीं होने के कारण परिसर में गंदगी जमा होने लगी है और भवन की स्थिति भी धीरे-धीरे खराब होती जा रही है।

 स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि जल्द ही प्रतीक्षालय का संचालन शुरू नहीं किया गया, तो सार्वजनिक धन से निर्मित यह महत्वपूर्ण सुविधा समय के साथ जर्जर होकर अपनी उपयोगिता खो सकती है।

इस संबंध में ‘छत्तीसगढ़’ ने आरईएस विभाग के अधिकारी ए.आर. खरे से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।


अन्य पोस्ट