दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 13 जुलाई। दंतेवाड़ा के नव पदस्थ पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन सिंह ने पुलिस अधीक्षक का पदभार सोमवार को सम्भाला। इस दौरान कार्यालय स्टाफ द्वारा श्री सिंह का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, दंतेवाड़ा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा गौरव राय को स्मृति-चिन्ह भेंट किया गया। कर्मियों द्वारा श्री राय को सफलतम् कार्यकाल के लिए आभार व्यक्त किया गया तथा नवीन दायित्व हेतु हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित की गईं।
पदभार ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने जिले के पुलिस अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था, नक्सल विरोधी एवं पुनर्वास अभियान, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं तथा पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील, उत्तरदायी एवं जन-केंद्रित पुलिसिंग सुनिश्चित करते हुए कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए। अपराधों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, जनशिकायतों के समयबद्ध समाधान तथा पुलिस-जन संवाद को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर तवज्जो दी।
उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा पुलिस का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास एवं सहयोग को सर्वोपरि रखते हुए प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी पुलिस व्यवस्था स्थापित करना है।
उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना, अनुशासन, पारदर्शिता, संवेदनशीलता तथा पूर्ण निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों सह कर्मचारियों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक का आत्मीय स्वागत करते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ दी।