दन्तेवाड़ा

पद्मश्री गोडबोले दंपत्ति 36 वर्षों से बस्तर में दे रहे हैं स्वास्थ्य व सामाजिक सेवाएं
07-Jul-2026 9:59 PM
पद्मश्री गोडबोले दंपत्ति 36 वर्षों से बस्तर में दे रहे हैं स्वास्थ्य व सामाजिक सेवाएं

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 7 जुलाई। बस्तर क्षेत्र में पिछले 36 वर्षों से चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रहे डॉ. रामचंद्र गोडबोले और उनकी पत्नी सुनीता गोडबोले को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।

महाराष्ट्र के सतारा जिले के मूल निवासी डॉ. रामचंद्र गोडबोले आयुर्वेद चिकित्सक हैं, वहीं उनकी पत्नी सुनीता गोडबोले ने समाज कार्य (एमएसडब्ल्यू) की शिक्षा प्राप्त की है। वर्ष 1990 में विवाह के बाद दोनों ने अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के माध्यम से बस्तर क्षेत्र को अपने कार्यक्षेत्र के रूप में चुना और तब से वे इसी अंचल में कार्यरत हैं।

डॉ. गोडबोले के अनुसार, शुरुआती दिनों में क्षेत्र की बोली, संस्कृति और जीवनशैली से परिचित न होना एक बड़ी चुनौती थी। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा कर स्थानीय लोगों के बीच समय बिताया और उनकी भाषा व समस्याओं को समझा। धीरे-धीरे उन्होंने ग्रामीणों का भरोसा जीता और एक छोटे उपचार केंद्र के माध्यम से चिकित्सा सेवाएं देना शुरू किया।

डॉ. रामचंद्र गोडबोले ने दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में चिकित्सा शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद ग्रामीणों का उपचार किया और गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पतालों तक पहुंचाने में मदद की।

दूसरी ओर, सुनीता गोडबोले ने गोंडी और हल्बी जैसी स्थानीय बोलियां सीखकर आदिवासी महिलाओं और बच्चों के बीच कार्य किया। उन्होंने कुपोषण उन्मूलन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, बाल शिक्षा, सिकल सेल एनीमिया के प्रति जागरूकता, बाल अधिकार संरक्षण और बालिकाओं के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर लगातार काम किया है।

वर्तमान में गोडबोले दंपत्ति ‘बनफूल’ संस्था के माध्यम से जनजातीय बच्चों के स्वास्थ्य और उनके समग्र विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट