दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 5 जुलाई। दंतेवाड़ा जिले के बचेली स्थित मुख्य प्रशासनिक परिसर इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। एसडीएम, तहसील और लोक निर्माण विभाग जैसे महत्वपूर्ण कार्यालयों वाले इस परिसर में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। मानसून की शुरुआत होते ही यहाँ आने वाले सैकड़ों ग्रामीणों और आम नागरिकों की मुश्किलें कई गुना बढ़ गई हैं। नागरिकों ने दंतेवाड़ा कलेक्टर को ज्ञापन सौंप स्थाई समाधान की गुहार लगाई है।
इस परिसर में एसडीएम कार्यालय, तहसील कार्यालय, पीडब्ल्यूडी दफ्तर, एसडीओ (पीडब्ल्यूडी) का शासकीय निवास, कॉमन सर्विस सेंटर और एक सार्वजनिक पुस्तकालय संचालित हैं। बचेली सहित आसपास के ग्रामीण व आदिवासी अंचलों के लोग प्रतिदिन यहाँ आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, आधार सुधार और भूमि संबंधी मामलों के लिए पहुँचते हैं। दूर-दराज से आने वाले इन ग्रामीणों में बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांगजन भी शामिल हैं, जिन्हें यहाँ कदम-कदम पर परेशानी झेलनी पड़ रही है।
जर्जर शौचालय और पानी को तरसते लोग
परिसर की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इतने संवेदनशील और महत्वपूर्ण सरकारी केंद्र में आम जनता के लिए स्वच्छ पेयजल की कोई स्थाई व्यवस्था नहीं है। घंटों अपनी बारी का इंतजार करने वाले लोग प्यास बुझाने के लिए भटकने को मजबूर हैं। वहीं, परिसर का एकमात्र शौचालय लंबे समय से जर्जर और कीचड़ से सराबोर है, जिसका उपयोग करना किसी के लिए भी असंभव हो चुका है।
दलदल में तब्दील हुआ परिसर, उखड़ी गिट्टियों से हादसे का डर
बारिश शुरू होते ही पूरा परिसर जलभराव के कारण दलदल में तब्दील हो गया है। जगह-जगह उखड़ी और बिखरी हुई गिट्टियों के कारण बुजुर्गों और महिलाओं का पैदल चलना भी दूभर हो गया है। लोगों को मजबूरी में कीचड़ और गंदे पानी से होकर दफ्तरों के भीतर जाना पड़ रहा है।
टूटा गेट और गायब बाउंड्रीवॉल, सुरक्षा भगवान भरोसे
नाली निर्माण के दौरान इस परिसर की पुरानी बाउंड्रीवॉल और मुख्य प्रवेश द्वार (गेट) को तोड़ दिया गया था, जिसे वर्षों बीत जाने के बाद भी दोबारा नहीं बनाया गया।
गेट और दीवार न होने से पूरा परिसर खुला पड़ा रहता है, जिससे रात के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इससे न केवल आम नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है, बल्कि सरकारी दस्तावेजों और संपत्तियों की सुरक्षा पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों द्वारा परिसर में सीमेंट कंक्रीट सडक़ निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। जब इस संबंध में लोक निर्माण विभाग दंतेवाड़ा के मुख्य कार्यपालन अभियंता से बात की गई, तो उनका कहना है कि बना दिया जाएगा, सीमेंट कांक्रीट कर दिया जाएगा।
कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
प्रशासनिक उदासीनता से तंग आकर अब नागरिकों ने दंतेवाड़ा कलेक्टर को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में मांग की गई है कि परिसर के भीतर तत्काल सीमेंट कंक्रीट सडक़ का निर्माण कराया जाए। मुख्य प्रवेश द्वार और बाउंड्रीवाल का पुनर्निर्माण कर सुरक्षा बहाल की जाए। आम जनता के लिए आधुनिक शौचालय और ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित हो।