दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 4 जुलाई। सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत संयुक्त जिला कर्यालय में कृषक संगोष्ठी का आयोजन शनिवार को किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि सहकारिता की भावना ही ग्रामीण विकास और कृषि समृद्धि का आधार है। उन्होंने किसानों से खेती के इस महत्वपूर्ण मौसम में आपसी सहयोग की परंपरा को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए कहा कि श्रमिकों की कमी को देखते हुए किसान एक-दूसरे के खेतों में मिलकर रोपाई एवं अन्य कृषि कार्य करें, जिससे समय पर खेती पूरी हो सके और उत्पादन में वृद्धि हो।
उन्होंने किसानों को बारिश के पानी का संरक्षण करने की अपील की। डबरी एवं अन्य जल संरचनाओं का निर्माण कर पानी का सदुपयोग करें। अनुभवी किसानों के मार्गदर्शन में आधुनिक तकनीकों तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
श्री अटामी ने कहा कि शासन द्वारा किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। किसानों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए। किसानों से अपने खेतों एवं आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधरोपण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और भविष्य की पीढिय़ों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी किसानों से खेती के साथ-साथ पौधरोपण को भी जनभागीदारी का अभियान बनाने की अपील की।
संगोष्ठी में कृषि विभाग के उप संचालक सूरज पंसारी, पशुधन विकास विभाग के उप संचालक डॉ. योगेश मिश्रा, मत्स्य विभाग के सहायक संचालक योगेश देवांगन, उद्यानिकी विभाग के उद्यान अधीक्षक श्री प्यारे लाल जुरी, प्रगतिशील जैविक कृषक श्री सुरेश कुमार नाग, कृषक संघ के अध्यक्ष श्री मधुसूदन ठाकुर तथा सहकारिता विभाग के सहायक आयुक्त श्री गौतम ठाकुर ने अपने-अपने विभागों से संचालित योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यानिकी, जैविक खेती एवं सहकारिता संबंधी विषयों पर किसानों को विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि विधायक श्री चैतराम अटामी ने 6 कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) का वितरण कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के अधिकारीगण, कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद थे।