दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली/किरंदुल, 4 जुलाई। सरदार वल्लभभाई पटेल लाइब्रेरी, किरंदुल में सेवा कार्यक्रम के माध्यम से मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) ने नगर के वृद्ध, असहाय एवं जरूरतमंद नागरिकों को वर्षा ऋ तु में कंबल और छातों का वितरण किया।
यूनियन के अध्यक्ष विनोद कुमार कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सचिव ए. के. सिंह ने कहा कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश को एकता के सूत्र में पिरोकर राष्ट्रनिर्माण की जो अमूल्य विरासत दी, वही आज समाज को सेवा, समर्पण और संगठन की प्रेरणा देती है। मेटल माइस वर्कर्स यूनियन (इंटक) सदैव ऐसे महान व्यक्तित्वों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर श्रमिक हितों के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता जैसे जनकल्याणकारी कार्यों में निरंतर सक्रिय रहता है। इसी उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में जरूरतमंद लोगों को कंबल एवं छाते वितरित किए गए।
कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 18 के पार्षद अनिल मरकाम, एनएमडीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संघ के अध्यक्ष डीआर यादव यूनियन के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।