दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 3 जुलाई। जिला प्रशासन की समय सीमा बैठक जिला कार्यालय में विकास दिवस आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने शासन की महत्वाकांक्षी ‘बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर)’ अभियान की व्यापक समीक्षा करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उक्त अभियान अंतर्गत प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता के आधार पर शत-प्रतिशत, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
श्री ध्रुव ने कहा कि बस्तर मुन्ने अभियान बस्तर संभाग के समग्र एवं समावेशी विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, आजीविका तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शिविरों में प्राप्त आवेदनों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी विभागों को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने, फील्ड स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग और सतत अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा किया जा सके।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों, लंबित राजस्व प्रकरणों, स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाया जाए। मुख्यमंत्री की घोषणाओं एवं निर्देशों के पालन, मानवाधिकार आयोग, उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय से संबंधित लंबित मामलों, व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र (एफआरए), फौती नामांतरण तथा लंबित भूमि आबंटन प्रकरणों की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने बस्तर क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की प्रगति, देयक भुगतान, जेम पोर्टल पर निविदा सत्यापन, सीपी ग्राम्स, मुख्यमंत्री जनदर्शन, सचिवालय, पीजीएन, ई-समाधान, कलेक्टर जनदर्शन एवं संपर्क से प्राप्त शिकायतों के निराकरण, बाढ़ आपदा की तैयारियों तथा अन्य विभागीय योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके अलावा पर्यटन विकास से जुड़े बारसूर, ढोलकल एवं कुम्हाररास के कार्यों, जिला अस्पताल के अपशिष्ट जल प्रबंधन, शासकीय भवनों की मरम्मत, मिनी स्टेडियम एवं स्पोर्ट्स सिटी में प्रकाश व्यवस्था, पालनार लाइब्रेरी निर्माण, कुआकोंडा में खेल मैदान के लिए स्थल चयन, ई-डिस्ट्रिक्ट 2.0 (सेवा सेतु)और हल्बा - तेलगा त्रुटि सुधार आदि मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा और अपर कलेक्टर राजेश पात्रे प्रमुख रूप से मौजूद थे।