दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 23 जून। मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत, जयंत नाहटा ने गीदम विकासखंड का दौरा मंगलवार को किया। उन्होंने लाइवलीहुड कॉलेज पहुंचकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पुनर्वासित युवाओं से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों एवं रोजगार की संभावनाओं के संबंध में जानकारी ली।
श्री नाहटा ने युवाओं को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि जिस कार्य में रुचि हो, उसी क्षेत्र में बेहतर अवसर एवं सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने युवाओं को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों से जुडऩे का आह्वान किया। जिला प्रशासन पुनर्वासित युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभिन्न व्यवसायिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहा है।
झोडियाबाड़म में पुनर्वासित परिवारों के लिए विकसित हो रही आधुनिक आवासीय कॉलोनी दौरे के दौरान सीईओ श्री जयंत नाहटा ने झोडियाबाड़म स्थित पुनर्वासित कॉलोनी का निरीक्षण भी किया।
यहां पुनर्वासित परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत 20 आवासों का निर्माण किया जा रहा है। प्रत्येक आवास की लागत लगभग 1 लाख 20 हजार रुपये निर्धारित की गई है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
पुनर्वासित कॉलोनी में आवासों के साथ-साथ शौचालय, सीसी सडक़, सोलर आधारित पेयजल टंकी, गार्डन तथा सामुदायिक भवन जैसी मूलभूत सुविधाओं का भी निर्माण किया जा रहा है, जिससे पुनर्वासित परिवारों को बेहतर एवं सम्मानजनक जीवन-यापन का वातावरण उपलब्ध हो सके।
सीईओ ने सभी निर्माण कार्यों को जुलाई माह के अंतिम सप्ताह तक पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि पुनर्वासित परिवारों को सभी आवश्यक सुविधाओं से युक्त सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पुनर्वासित परिवारों के जीवन स्तर में सुधार तथा उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोडऩे के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस दौरान जनपद पंचायत सीईओ श्री बलराम ध्रुव प्रमुख रूप से मौजूद थे।