दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 20 जून। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ग्राम पंचायत मेटापाल में तीन दिवसीय भव्य पंजीकरण एवं जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए थे, जहां योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ-साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही आवेदन प्राप्त कर आवश्यक सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक चैतराम अटामी शामिल हुए। विधायक द्वारा विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया गया। शिविर में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि व विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विगत 12 वर्षों के दौरान केंद्र सरकार ने समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुँचाने का ऐतिहासिक कार्य किया है। उन्होंने रेखांकित किया कि आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और उज्ज्वला योजना जैसी अनेक दूरदर्शी योजनाओं ने गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में एक बड़ा और सकारात्मक परिवर्तन लाया है।
इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से इन योजनाओं की पूरी जानकारी लेकर अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाने का आत्मीय आग्रह भी किया।
तीन दिनों तक चले इस शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक विशेष पंजीयन अभियान चलाया गया, जिसके तहत पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत योजना से जोडऩे का महत्वपूर्ण कार्य हुआ। इस दौरान कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों के हाथों लगभग 15 से 20 पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जबकि 16 नए पात्र हितग्राहियों का मौके पर ही आयुष्मान कार्ड हेतु नया पंजीयन भी किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सजगता दिखाते हुए ऐसे परिवारों की भी पहचान की जिनके सदस्यों का नाम राशन कार्ड में दर्ज नहीं था। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 नए सदस्यों के नाम राशन कार्ड में जोडऩे की प्रक्रिया पूरी की गई और उनका आयुष्मान कार्ड पंजीयन भी कराया गया, जिससे अब वे भी योजना के अंतर्गत नि:शुल्क उपचार सुविधा प्राप्त करने के हकदार बन गए हैं।
बाल कल्याण की दिशा में कदम बढ़ाते हुए शिविर में विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से 5 वर्ष से कम आयु के 7 बच्चों का नया आधार पंजीयन भी कराया गया, जिससे इन बच्चों को भविष्य में विभिन्न शासकीय योजनाओं, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य सेवाओं तथा अन्य जरूरी सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा। अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के आधार पंजीयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस विशेष पहल को शिविर का हिस्सा बनाया गया था।
इसके साथ ही शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा सीधे सामग्री का वितरण कर हितग्राहियों को तात्कालिक राहत पहुँचाई गई। समाज कल्याण विभाग द्वारा 6 दिव्यांग हितग्राहियों को उनकी सुविधा के लिए व्हीलचेयर, बैसाखी एवं फोल्डिंग स्टिक प्रदान की गई। कृषि विभाग द्वारा पात्र किसानों को वित्तीय संबल देने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड बांटे गए, जबकि मत्स्य विभाग की ओर से ग्राम जारम के हितग्राही अनूप भास्कर को आजीविका संवर्धन हेतु एक आइस बॉक्स प्रदान किया गया। इन प्रमुख विभागों के अलावा अन्य विभागों ने भी ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए आवश्यक सामग्री और फलदार पौधों का नि:शुल्क वितरण किया।
इस वृहद शिविर में आस-पास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुँचकर न केवल अपनी जरूरत की योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की, बल्कि अपने आवेदन भी प्रस्तुत किए। विभागीय अधिकारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए मौके पर ही आवेदनों की जाँच, पंजीयन और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर शासन, प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत व महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं, जिससे दूरस्थ और वनांचलों में रहने वाले लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ उनके अपने गाँव में ही बेहद सुगमता से मिल जाता है।
इस पूरे तीन दिवसीय शिविर का सफल और सुचारू संचालन नोडल अधिकारी व अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे एवं सहायक नोडल अधिकारी व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री प्रदीप पटेल के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर के समापन पर कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने अपने घर-आँगन में ही एक साथ कई सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने पर गहरी प्रसन्नता व्यक्त की तथा इस कल्याणकारी पहल के लिए शासन एवं जिला प्रशासन के प्रति सहर्ष आभार जताया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य ओजस्वी मंडावी, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष रमेश गावड़े, जिला पंचायत सदस्य कमला विनय नाग, जनपद पंचायत सदस्य रामू नेताम तथा ग्राम मेटापाल सरपंच, पालो पोडिय़ाम प्रमुख रूपसे मौजूद थी।