दन्तेवाड़ा

कैंसर जांच शिविर, संदिग्ध रोगियों का रायपुर में होगा इलाज
17-Jun-2026 10:43 PM
 कैंसर जांच शिविर, संदिग्ध रोगियों का रायपुर में होगा इलाज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 17 जून। जिला अस्पताल, दंतेवाड़ा में  नि:शुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बाल्को मेडिकल सेंटर, रायपुर की विशेषज्ञ टीम द्वारा मरीजों की कैंसर संबंधी जांच कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।

शिविर के दौरान स्तन कैंसर, मुख कैंसर एवं बच्चेदानी (सर्वाइकल) कैंसर की जांच विशेष उपकरणों की सहायता से की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय रामटेके ने बताया कि शिविर में 48 से अधिक मरीजों की लक्षणों के आधार पर जांच एवं परामर्श किया गया। जांच के दौरान कुछ मरीजों में कैंसर संबंधी लक्षण पाए गए हैं, जिन्हें बेहतर उपचार एवं आगे की विशेषज्ञ जांच के लिए शीघ्र ही रायपुर रेफर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में आगे भी इस प्रकार के जांच एवं स्क्रीनिंग शिविर आयोजित किए जाएंगे। साथ ही आमजन में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, जिससे बीमारी का प्रारंभिक अवस्था में पता लगाकर बेहतर इलाज किया जा सके।

शिविर में डॉ. प्रियंका सक्सेना, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रतीक सोनी, जिला सलाहकार (एनसीडी) अंकित सिंह, बाल्को मेडिकल सेंटर के चिकित्सक सह स्टाफ और जिला अस्पताल के कर्मचारी मौजूद थे।


अन्य पोस्ट