दन्तेवाड़ा
बचेली, 17 जून। बचेली में बुधवार शाम को सीबीडब्ल्यूएस (केंद्रीय कार्यशाला) पेट्रोल पंप के आगे मुख्य सडक़ पर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा 17 जून की शाम लगभग 5 बजे हुआ। किरंदुल निवासी सूरज भांसी की ओर से बचेली आ रहा था, जबकि बचेली निवासी रामू दशरथ पारा ओर जा रहा था। इसी दौरान दोनों की बाइकें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सडक़ पर गिरकर घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एम्बुलेंस पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल बचेली स्थित अपोलो अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना में रामू के बाएं हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि सूरज के दाहिने पैर में फ्रैक्चर पाया गया है। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
दुर्घटनाओं का ‘हॉटस्पॉट’ बनता जा रहा यह मोड़
स्थानीय लोगों का कहना है कि सीबीडब्ल्यूएस और पेट्रोल पंप के पास स्थित यह क्षेत्र लंबे समय से दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। मुख्य सडक़ से दशरथ पारा और अंग्रेजी शराब दुकान की ओर जाने वाला मोड़ संकरा होने के कारण यहां वाहन चालकों को पर्याप्त दृश्यता नहीं मिल पाती। इसके अलावा सडक़ पर चेतावनी संकेतक, स्पीड कंट्रोल व्यवस्था और पर्याप्त सुरक्षा उपायों का अभाव भी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह माना जा रहा है।


