दन्तेवाड़ा

जनहित मुद्दों पर कांग्रेस का पालिका घेराव, संपत्ति कर वृद्धि वापस लेने सहित चार सूत्रीय मांगें उठाईं
16-Jun-2026 10:16 PM
जनहित मुद्दों पर कांग्रेस का पालिका घेराव, संपत्ति कर वृद्धि वापस लेने सहित चार सूत्रीय मांगें उठाईं

बड़े बचेली में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन, नारेबाजी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 16 जून। नगर पालिका परिषद बड़े बचेली के खिलाफ जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा मंगलवार को एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं पालिका घेराव किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नगर की मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग करते हुए पालिका प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

धरना-प्रदर्शन मुख्य मार्ग स्थित गौरव पथ हनुमान मंदिर के समीप टेंट लगाकर आयोजित किया गया। इसके बाद कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर रैली के रूप में नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव किया। वहां मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया।

कांग्रेस द्वारा चार सूत्रीय मांगें प्रमुख रूप से उठाई गईं। इनमें संपत्ति कर की बढ़ी हुई दरों को वापस लेने, नगर में व्याप्त पेयजल संकट का स्थायी समाधान करने, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने तथा नगर पालिका में हो रहे भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग शामिल रही।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। नगर निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस व्यवस्था संभाले हुए थे।

धरना-प्रदर्शन को समर्थन देने जिला पंचायत सदस्य व महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव तुलिका कर्मा भी पहुंचीं। उन्होंने जनहित के मुद्दों पर आंदोलन का समर्थन करते हुए नगरवासियों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।

इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, महिला कांग्रेस सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट