दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 12 जून। दंतेवाड़ा के पेट्रोल पंपों में गुरुवार शाम और शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल के टैंकर पहुंच गए। जिससे पेट्रोल पम्पों में विक्रय आरंभ हो गया।
उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन द्वारा पेट्रोल पंपों में किसानों को प्राथमिकता से डीजल देने के निर्देश दिए गए हैं। जिससे वर्तमान मानसूनी सत्र के दौरान खरीफ धान की फसल समय से लगाई जा सके।
‘छत्तीसगढ़’ द्वारा ‘डीजल के लिए भटक रहे किसान’ के शीर्षक से इस मुद्दे को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। जिस पर कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने शीघ्र ही पेट्रोल - डीजल की आपूर्ति सामान्य होने का आश्वासन दिया गया था। प्रशासन द्वारा इस समस्या पर त्वरित कार्यवाही की गई। जिससे दंतेवाड़ा अंतर्गत हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पपों में शुक्रवार दोपहर एक बजे से डीजल का विक्रय शुरू हो गया था। जिससे किसानों की विशेष मनोकामना पूर्ण हो गई। बड़ी संख्या में किसानों द्वारा जरीकेनों में डीजल लिया गया। उनके चेहरे खुशी से चमक रहे थे।
डीजल की सहायता से किसानों को धान की बुनाई समय से कर सकेंगे। वही बड़ी संख्या में वाहन चालकों को भी डीजल मिल सका।
वैकल्पिक पेट्रोल पंपों में भी बेहतर व्यवस्था
जिला प्रशासन द्वारा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंपों में तकनीकी समस्या की वजह से वैकल्पिक पेट्रोल पंप में पेट्रोल और डीजल की व्यवस्था की गई थी। उक्त व्यवस्था गुरुवार शाम को ही लागू हो गई थी। जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली। वाहन चालकों को भी डीजल मिलाने से वाहन संचालन में सुविधा मिली।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव द्वारा डीजल और पेट्रोल का अनावश्यक भंडारण न करने की अपील की है। आगामी समय में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति सामान्य हो जाएगी।


