दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 11 जून। जि़ले के आम नागरिकों, किसानों, परिवहन संचालकों और आपातकालीन सेवाओं से जुड़े संस्थानों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना सामने आई है। जिला प्रशासन द्वारा जानकारी में बताया गया कि कि हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के मुख्य आपूर्ति केंद्र से तकनीकी कारणों के चलते जि़ले के कुछ पेट्रोल और डीजल पंपों में ईंधन की सप्लाई अस्थायी रूप से बाधित हो गई है।
प्रभावित होने वाले पम्पों में गीदम का दंतेश्वरी सर्विस सेंटर, बचेली का स्टार पेट्रोल पंप, दंतेवाड़ा के एस.आर. फ्यूल व जोगीसोरी फ्यूल, नकुलनार का भदावर फ्यूल, बारसूर का ऊं साईं राम पेट्रोलियम, जमावड़ा का गजलू गुरुजी पेट्रोलियम तथा कटेकल्याण का युगांत फ्यूल शामिल हैं। कंपनी द्वारा आपूर्ति व्यवस्था को शीघ्र सामान्य करने के लिए आवश्यक प्रयास किए जा रहे हैं। इस बीच कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने नागरिकों से विशेष अपील करते हुए कहा है कि पेट्रोलियम उत्पादों का अनावश्यक भंडारण न करें। आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोलियम उत्पाद खरीदें। नागरिक जि़ले में संचालित अन्य पेट्रोलियम कंपनियों के ईंधन विक्रय केंद्रों का उपयोग कर सकते हैं, जहां सुचारु रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। वर्तमान में उपलब्ध वैकल्पिक केंद्रों में गीदम का सुनील एवं अशोक पेट्रोल पंप , बचेली का ग्रेस फ्यूल व नंदराज फ्यूल्स, किरंदुल का के.ए. फ्यूल व बैलाडीला सर्विस स्टेशन, बालूद का एल.एन. फ्यूल, नकुलनार का नायक देवल फ्यूल, कारली का न्यू उजाला पुलिस पेट्रोल पंप , कटेकल्याण का मां दंतेश्वरी फ्यूल तथा दंतेवाड़ा का मोडियम पेट्रोलियम एवं मां दंतेश्वरी जिओ फ्यूल्स (जियो-बिपी) शामिल हैं।
अत्यावश्यक सेवाओं और कृषि कार्यों पर इस स्थिति का कोई प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है। साथ ही संबंधित कंपनी के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय स्थापित कर ईंधन आपूर्ति को जल्द से जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन ने सभी नागरिकों और उपभोक्ताओं से धैर्य रखने, अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करने तथा केवल आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल एवं डीजल क्रय करने का आग्रह किया है। सभी को समान रूप से ईंधन मिल सके। जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मुख्य केंद्र से आपूर्ति व्यवस्था सामान्य होते ही संबंधित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंपों में पुन: नियमित और सुचारु रूप से ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।


