दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 11 जून। उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के गत दिनों किरंदुल प्रवास के दौरान बचेली नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका आत्मीय एवं जोशीला स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल के नेतृत्व में पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने बचेली नगर के विकास एवं पेयजल समस्या के स्थायी समाधान से संबंधित महत्वपूर्ण मांगें उनके समक्ष रखीं।
किरंदुल गेस्ट हाउस में में नगर पालिका अध्यक्ष एवं जनप्रतिनिधियों ने लगभग 8 करोड़ रुपये के नगर विकास कार्यों का प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए मलांगीर से बचेली तक पाइपलाइन बिछाकर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने तथा गौरव पथ फेस-2 सडक़ निर्माण कार्य को शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने की मांग की।
नगर पालिका अध्यक्ष राजू जायसवाल ने बताया कि नगरवासियों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के लिए पालिका लगातार प्रयासरत है। इसी दिशा में नगर के पांच विभिन्न स्थानों पर दो-दो लाख लीटर क्षमता की पांच विशाल पानी टंकियों का निर्माण कराया गया है। इन टंकियों में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एनएमडीसी, एएमएनएस तथा जिला प्रशासन के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि भविष्य की जल आवश्यकता को देखते हुए नगर क्षेत्र में 20 बोरवेल भी खोदे गए, लेकिन जलस्तर लगातार नीचे जाने तथा पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण 300 से 350 फीट की गहराई तक भी पर्याप्त पानी नहीं मिला। 20 में से केवल 12 बोरवेल ही सफल हो पाए। इसी कारण मलांगीर से स्थायी जलापूर्ति योजना की मांग लंबे समय से की जा रही है।
मुलाकात के दौरान गौरव पथ फेस-2 सडक़ निर्माण का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। वर्तमान में लगभग 2 किलोमीटर सडक़ का निर्माण हो चुका है, जबकि शेष डेढ़ किलोमीटर सडक़ हिलटॉप होटल से शिव मंदिर, पुराना मार्केट होते हुए सुनील ढाबा तक बनना बाकी है। नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि इस सडक़ के निर्माण से नगर का सौंदर्यीकरण होगा और नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। इसके अतिरिक्त रेलवे रोड निर्माण के संबंध में भी एनएमडीसी से समन्वय स्थापित करने हेतु उपमुख्यमंत्री से पहल करने का अनुरोध किया गया। इस दौरान पार्षद धनसिंग नाग, मंडल कोषाध्यक्ष सूरज जायसवाल सहित व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


