दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 08 जून। छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री तथा लोक निर्माण मंत्री अरुण साव नें निर्माणाधीन गीदम - बांगाबाड़ी सडक़ निर्माण का सोमवार को जायजा लिया। उक्त सडक़ की लंबाई 10.6 किलोमीटर है। इसकी लागत 26 करोड़ रुपए से अधिक है
इसी कम में दंतेवाड़ा बायपास सडक़ और इस मार्ग में डंकिनी नदी पर निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल की समीक्षा की।
अफसरों पर बिफरे मंत्री
डिप्टी सीएम द्वारा डंकिनी नदी पर पुल निर्माण का अवलोकन किया गया। पुल निर्माण में विलंब पर मंत्री भडक़ उठे। विभागीय मंत्री ने वभागीय अधिकारियों और ठेकेदार पर गहरी नाराजगी जताई। निर्धारित अवधि में काम नहीं होने पर उन्होंने अफसर से जवाब मांगा। श्री साव ने इस बायपास सडक़ पर जल्दी आवाजाही शुरू करने सडक़ और पुल के काम आगामी दिसम्बर माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। इस बायपास सडक़ के दौरान डंकिनी नदी पर 9 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से 161 मीटर लंबा उच्च स्तरीय पुल भी बनाया जा रहा है।
दंतेवाड़ा शहर को भारी वाहनों और ट्रैफिक के दबाव से बचाने गीदम से बांगाबाड़ी तक 26 करोड़ 78 लाख रुपए की लागत से 10.6 किमी लंबा बायपास बनाया जा रहा है। सडक़ का अब तक 85 प्रतिशत और पुल का 60 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। इस बायपास मार्ग के चालू हो जाने के बाद दंतेवाड़ा में प्रवेश किए बिना भारी वाहन एवं अन्य वाहन बैलाडीला से गीदम तथा गंतव्य तक आवागमन कर सकेंगे। विधायक चैतराम अटामी भी इस अवसर पर मौजूद थे।


