दन्तेवाड़ा

राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान: पंचायत विकास की बनी रूपरेखा
06-Jun-2026 10:06 PM
  राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान: पंचायत विकास की बनी रूपरेखा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 6 जून। ग्राम पंचायत में बेहतर योजना निर्माण से विकास कार्यों को किया जाएगा। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) को प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के उद्देश्य से जनपद पंचायत दंतेवाड़ा में जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 प्रशिक्षण में ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के मैदानी अमले को पंचायत विकास योजनाओं के निर्माण और क्रियान्वयन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, रोजगार सहायक तथा मितानिनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

 प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्थानीय सतत विकास लक्ष्यों (एलएसडीजी) की 9 थीम, गुणवत्तापूर्ण ग्राम पंचायत विकास योजना (क्वालिटी जीपीडीपी), टाइड एवं अनटाइड निधियों के समुचित उपयोग, पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (पीएआई) स्कोर तथा बाल सभा एवं महिला सभा की भूमिका और महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में संकाय सदस्यों, करारोपण अधिकारी तथा पीरामल फाउंडेशन की टीम ने प्रशिक्षक के रूप में सहभागिता करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, जनभागीदारी और समावेशी विकास के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों की पंचायत विकास योजनाओं के प्रति समझ और जागरूकता में वृद्धि हुई। साथ ही ग्राम स्तर पर विकास कार्यों की बेहतर योजना तैयार करने एवं उन्हें प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।


अन्य पोस्ट