दन्तेवाड़ा

विश्व पर्यावरण दिवस पर रोपे सैकड़ों पौधे
06-Jun-2026 10:02 PM
विश्व पर्यावरण दिवस पर रोपे सैकड़ों पौधे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 6 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नेरली स्थित सीआरपीएफ 230वीं बटालियन, बचेली परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान कई गांव में 500 पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर, कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, वनमंडलाधिकारी रामकृष्ण रंगनाथा वाय द्वारा भी पौधरोपण किया गया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है तथा वृक्षारोपण जलवायु संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। सीआरपीएफ के जवान देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वृक्षारोपण, जल संरक्षण एवं स्वच्छता जैसे अभियानों के माध्यम से समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित जनों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

अधिकारियों ने कहा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाए। जिससे भविष्य में हरित पर्यावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें।

वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का भी प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा सीआरपीएफ के अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।


अन्य पोस्ट