दन्तेवाड़ा
नाला पार करते डूबने से मौत की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 5 जून। थाना क्षेत्र अंतर्गत लुनिया खदान के पास सिंप्लेक्स नाला में मिले अज्ञात महिला के शव की पहचान आखिरकार बचेली पुलिस के लगातार चार दिनों के प्रयास के बाद हो गई। मृतिका की पहचान ग्राम नेरली माहरापारा निवासी कमली कुंजाम के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार 30 मई को लुनिया खदान के समीप नेरली जाने वाले पगडंडी मार्ग के नीचे स्थित सिंप्लेक्स नाला में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
अज्ञात महिला की पहचान के लिए पुलिस द्वारा आसपास के गांवों में पूछताछ की गई तथा समाचार पत्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान 3 जून को जानकारी मिली कि ग्राम नेरली माहरापारा निवासी बिज्जा कुंजाम अपनी पत्नी की पिछले एक सप्ताह से तलाश कर रहा है।
पुलिस ने बिज्जा कुंजाम को थाना बुलाकर शव की पहचान करवाई, जहां उसने महिला के कपड़ों, हाथों में पहनी चूडिय़ों तथा शारीरिक बनावट के आधार पर शव की पहचान अपनी पत्नी कमली कुंजाम के रूप में की।
परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कमली कुंजाम और उसके पति 27 मई को बचेली बाजार आए थे, जहां दोनों ने शराब का सेवन किया था। इसके बाद दोनों एक-दूसरे से बिछड़ गए। पति किसी तरह अपने घर पहुंच गया, लेकिन अत्यधिक नशे में होने के कारण कमली कुंजाम घर नहीं लौट सकी। आशंका व्यक्त की जा रही है कि नाला पार करते समय वह पानी में गिर गई और बाहर नहीं निकल पाने के कारण उसकी डूबने से मृत्यु हो गई।
बचेली पुलिस के सतत प्रयासों और प्रभावी जांच के चलते अज्ञात महिला की पहचान संभव हो सकी। पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में की गई।


