दन्तेवाड़ा
एसडीएम-टीआई को सौंपा आमंत्रण, डिप्टी सीएम साव होंगे मुख्य अतिथि
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 4 जून। तहसील साहू समाज किरंदुल (बैलाडीला) द्वारा 6 एवं 7 जून को श्री संत माता कर्मा जयंती समारोह तथा नवीन सामाजिक भवन लोकार्पण एवं नामकरण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जा रहा है। दो दिवसीय इस आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है तथा तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। कार्यक्रम का आयोजन किरंदुल स्थित ‘कर्मा धाम’ प्रांगण में किया जाएगा। समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, एनएमडीसी अधिकारी एवं समाज प्रमुख विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के संबंध में बुधवार को तहसील साहू समाज के पदाधिकारियों द्वारा बचेली के एसडीएम (अनुविभागीय अधिकारी) कार्यालय पहुंचकर एसडीएम राजीव कुुजुर को औपचारिक आमंत्रण पत्र सौंपा गया। इस दौरान थाना प्रभारी प्रहलाद कुमार साहु, तहसीलदार महेश कश्यप भी मौजूद रहे। समाज के सदस्यों ने कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराते हुए आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया।
समारोह के प्रथम दिवस 6 जून, शनिवार को दोपहर 3 बजे नवीन सामाजिक भवन का लोकार्पण किया जाएगा। इसके पश्चात शाम 4 बजे कलश एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। दूसरे दिन 7 जून, रविवार को हवन-पूजन, महाआरती, भवन नामकरण, मंचीय सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा प्रीतिभोज का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के दौरान समाज की सांस्कृतिक परंपराओं एवं सामाजिक एकता की झलक देखने को मिलेगी।
समारोह में भागवताचार्य यामिनी देवी साहू द्वारा प्रतिदिन संध्या 7 बजे से भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। कथा के साथ पूजा-पाठ एवं कलश शोभायात्रा का भी आयोजन होगा। कार्यक्रम में विधायक चैतराम अटामी, किंरदुल अधिशासी निदेशक रविन्द्र नारायण, अतिविशिष्ट अतिथियों में तेलघानी बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, किरंदुल पालिका अध्यक्ष रूबी शैलेन्द्र सिंह, सीजीएम किशन आहूजा, उपमहाप्रबंधक केएल नागवेणी, कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष निरेन्द्र साहू करेंगे। इसके अलावा आर्सेलर मित्तल के सीजीएम व्हीवाय राघवेलु, सीजीएम उत्पादन केपी सिंह, प्रदेश साहू संघ कोषाध्यक्ष गोपाल साहू, इंटक किंरदुल सचिव एके सिंह व एसकेएमएस सचिव राजेश संधु एवं विभिन्न पदाधिकारी, समाज प्रमुख एवं अनेक गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।


