दन्तेवाड़ा

राघव मंदिर किरंदुल में 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखण्ड पाठ 6 से
04-Jun-2026 10:57 PM
राघव मंदिर किरंदुल में 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखण्ड पाठ 6 से

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली/ किरंदुल, 4 जून। नगर की सुख-शांति, समृद्धि एवं आध्यात्मिक उन्नति की मंगलकामना के साथ श्री राघव मंदिर परिसर में पहली बार 24 घंटे का संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र अखण्ड पाठ आयोजित किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन 6 जून शनिवार सुबह 10  बजे से प्रारंभ होकर 7 जून रविवार सुबह 10 बजे तक निरंतर चलेगा।

यह आयोजन श्री राघव मंदिर के प्रधान पुजारी पं. सत्येंद्र प्रसाद शुक्ला की पत्नी स्वर्गीय अंतिमा शुक्ला की स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के दौरान गायत्री महामंत्र का संगीतमय सामूहिक पाठ, हवन, महाआरती एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन भी किया जाएगा।

आयोजन समिति के अनुसार किरंदुल, बचेली एवं दंतेवाड़ा क्षेत्र की लगभग 15 धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं, महिला मंडलियों, भजन-जस मंडलियों तथा सेवा संगठनों ने इस आध्यात्मिक अनुष्ठान में अपनी सहभागिता एवं समयदान की सहमति प्रदान की है। प्रत्येक मंडली द्वारा दो-दो घंटे तक संगीतमय सामूहिक गायत्री महामंत्र पाठ किया जाएगा।

कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री परिवार किरंदुल, बचेली एवं दंतेवाड़ा द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात भारत माता महिला जागरण समिति, दंतेश्वरी जस एवं भजन मंडली, श्रद्धा मानस मंडली, मंदाकिनी जस मंडली, सत्य साईं सेवा समिति, नव जागृति जस मंडली, आराधना जस मंडली, बोल बम समिति, सुंदरकाण्ड पाठ सेवा समिति, श्री परशुराम सेवा समिति, ज्ञान गंगा मानस परिवार एवं सुर संगम भजन मंडली सहित अनेक समितियाँ अपनी प्रस्तुति देंगी।

आयोजन समिति ने नगर की अन्य धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, प्रादेशिक एवं सेवाभावी संस्थाओं, महिला मंडलियों, युवा संगठनों तथा श्रद्धालु भक्तजनों से भी इस पुण्य अवसर पर सहभागिता एवं समयदान देने का सादर अनुरोध किया है। समिति का कहना है कि नगर में पहली बार आयोजित हो रहा यह 24 घंटे का सामूहिक गायत्री महामंत्र अखण्ड पाठ एक ऐतिहासिक एवं पुण्यमय आयोजन सिद्ध होगा।

रविवार प्रात: 10 बजे गायत्री परिवार किरंदुल, बचेली एवं दंतेवाड़ा द्वारा हवन एवं महाआरती संपन्न की जाएगी। इसके पश्चात दोपहर 12 से 12.30 बजे तक पुजारी आवास परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित होगी। वहीं दोपहर 12.30 बजे से श्री राघव मंदिर परिसर में समस्त श्रद्धालुओं के लिए भोग-प्रसाद की व्यवस्था भी की गई है। श्री राम जन कल्याण सेवा समिति (बैलाडीला देवस्थान समिति) एवं गायत्री परिवार ने समस्त नगरवासियों से इस भव्य एवं दिव्य आयोजन में श्रद्धामयी उपस्थिति दर्ज कराने की अपील की है।


अन्य पोस्ट