दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 2 जून। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के बचेली निवासी एवं एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी के पूर्व छात्र यशराज साहू ने देश के प्रतिष्ठित महारत्न सार्वजनिक उपक्रम भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) में चयनित होकर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उनका चयन इलेक्ट्रीशियन आर्टिजन ग्रेड-ढ्ढङ्क पद पर बीएचईएल ईएसडी, बेंगलुरु में हुआ है।
उल्लेखनीय है कि बीएचईएल निकाली गई इस भर्ती के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता आईटीआई (इलेक्ट्रीशियन ट्रेड) निर्धारित थी, जिसे यशराज ने एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी से अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के साथ पूर्ण किया था। उनके पिता बुलेश साहू एनएमडीसी में एचईएम ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं तथा माता सरस्वती साहू गृहिणी हैं।
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए यशराज ने एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी से इलेक्ट्रिकल ट्रेड से प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने प्रथम वर्ष में 90 प्रतिशत, द्वितीय वर्ष में 94 प्रतिशत तथा कुल 92 प्रतिशत अंक अर्जित कर ट्रेड में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। उन्हें इस उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए संस्था द्वारा मेधावी छात्र पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। प्रशिक्षण उपरांत उन्होंने एनएमडीसी बीआईओएम बचेली कॉम्प्लेक्स के लोडिंग प्लांट विभाग में एक वर्षीय अप्रेंटिसशिप पूर्ण की तथा रिमोट कंट्रोल्ड वैक्यूम सर्किट ब्रेकर की अवधारणा से संबंधित तकनीकी चर्चाओं में भी सहभागिता की।
बीएचईएल में चयन हेतु आयोजित प्रक्रिया में उन्होंने सीबीटी परीक्षा, स्किल टेस्ट, दस्तावेज सत्यापन एवं मेडिकल परीक्षण सफलतापूर्वक उत्तीर्ण किया। उन्होंने 4 मई को बीएचईएल ईएसडी, बेंगलुरु में कार्यभार ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि इस भर्ती बैच में छत्तीसगढ़ से चयनित होकर बीएचईएल ईएसडी बेंगलुरु जॉइन करने वाले वे एकमात्र अभ्यर्थी हैं।
यशराज ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों, मार्गदर्शकों एवं विशेष रूप से एनएमडीसी डीएवी आईटीआई भांसी को दिया है। उन्होंने कहा कि संस्थान में प्राप्त गुणवत्तापूर्ण तकनीकी प्रशिक्षण, अनुशासित वातावरण एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन ने उनकी सफलता की मजबूत नींव रखी।
संस्थान के प्राचार्य ने यशराज की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता अन्य प्रशिक्षुओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा उनकी यह उपलब्धी यह दर्शाती है कि आईटीआई से शिक्षा और कौशल आधारित प्रशिक्षण के माध्यम से देश की अग्रणी कंपनियों एवं सार्वजनिक उपक्रमों में उत्कृष्ट करियर बनाया जा सकता है।
उनकी इस उपलब्धि पर एनएमडीसी प्रबंधन, क्षेत्रवासियों, शिक्षकों एवं शुभचिंतकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।


