दन्तेवाड़ा

सीएम हेल्पलाइन से शिकायतों का निदान, 1076 करें डायल
30-May-2026 10:16 PM
सीएम हेल्पलाइन से शिकायतों का निदान, 1076 करें डायल

दंतेवाड़ा, 30 मई। राज्य शासन द्वारा जन शिकायतों के निदान को वशेष तवज्जो दी जा रही है। जिससे शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय सीमा में निराकरण किया जा सके।

 इसी क्रम में हेल्पलाइन एवं शिकायत प्रबंधन प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संयुक्त जिला कार्यालय में शनिवार को जिला में आयोजित इस प्रशिक्षण में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने मार्गदर्शन दिया। विकासखण्ड स्तरीय अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ऑनलाइन जोड़ा गया।

प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। सुशासन को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा एक जवाबदेह एवं पारदर्शी तंत्र विकसित किया जा रहा है। जिससे प्रत्येक शिकायत का गंभीरतापूर्वक निराकरण हो सके। उन्होंने अधिकारियों से प्रशिक्षण के दौरान बताए गए सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं को समझकर व्यवहारिक रूप से लागू करने का आह्वान किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में राज्य स्तर से गठित विशेषज्ञ दल के प्रमुख एवं सुशासन एवं अभिसरण विभाग से आए अधिकारी गुड गवर्नेंस, रायपुर आरके शर्मा एवं आईटी मैनेजर सीएम हेल्पलाइन सौरभ श्रीकांत द्वारा सीएम हेल्पलाइन के विभिन्न प्रावधानों, संचालन प्रक्रिया तथा शिकायतों के निराकरण संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अधिकारियों को शिकायत प्रबंधन प्रणाली की कार्यप्रणाली, जवाबदेही तंत्र तथा तकनीकी प्रक्रियाओं से अवगत कराया। प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रदेश का कोई भी नागरिक टोल फ्री नंबर 1076, वेब पोर्टल, मोबाइल ऐप तथा व्हाट्सएप जैसे आधुनिक माध्यमों के जरिए 24 घंटे अपनी शिकायत दर्ज करा सकेगा। शिकायत दर्ज होते ही शिकायतकर्ता को एक विशिष्ट पहचान संख्या प्रदान की जाएगी, जिसके माध्यम से वह अपनी शिकायत की वर्तमान स्थिति, संबंधित विभाग, जिम्मेदार अधिकारी तथा की गई कार्रवाई की जानकारी प्राप्त कर सकेगा। शिकायत दर्ज होने के बाद उसे तत्काल संबंधित विभाग और अधिकारी तक पहुंचाया जाएगा। पूरी प्रक्रिया तकनीक आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम से जुड़ी होगी, जिससे प्रत्येक स्तर पर जवाबदेही सुनिश्चित होगी तथा शिकायतों के अनावश्यक लंबित रहने की संभावना समाप्त होगी।सीएम हेल्पलाइन की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता नागरिकों का फीडबैक है। शिकायत के समाधान के बाद संबंधित नागरिक से संपर्क कर उसकी प्रतिक्रिया प्राप्त की जाएगी। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट होगा तभी शिकायत का पूर्ण निराकरण माना जाएगा। असंतोष की स्थिति में शिकायत स्वत: पुन: सक्रिय होकर आगे की कार्रवाई के लिए भेजी जाएगी।

प्रशिक्षण में यह भी बताया गया कि इस पूरी व्यवस्था की निगरानी सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय एवं संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जाएगी। रियल टाइम मॉनिटरिंग और जवाबदेह प्रणाली के माध्यम से प्रशासन अधिक पारदर्शी, सक्रिय और जनोन्मुख बनेगा, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।

 इस प्रशिक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा और डिप्टी कलेक्टर मूलचंद चौपड़ा प्रमुख रूप से मौजूद थे।


अन्य पोस्ट