दन्तेवाड़ा

सुशासन तिहार: उपकरण मिले, बच्चों में उत्साह
29-May-2026 11:19 PM
सुशासन तिहार: उपकरण मिले, बच्चों में उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा 29 मई। राज्य शासन का कल्याणकारी अभियान सुशासन तिहार अंतर्गत दंतेवाड़ा में जन समस्या निवारण शिविरों का आयोजन जारी है। इसी क्रम में दूरस्थ ग्राम हितामेटा में जिला प्रशासन शुक्रवार को पहुंचा। इस दौरान अनेक मामलों का शिविर स्थल में ही समाधान किया गया। वहीं ग्रामीणों को उपयोगी दस्तावेज प्रदान किए गए।

 हितामेटा में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में ग्राम कोरकोटी के दो दिव्यांग बच्चों के परिवारजनों द्वारा सहायता हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया था। आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशासन द्वारा अस्थि बाधित दिव्यांग बच्ची जुलगो मुचाकी, पिता बुटलू मुचाकी तथा अस्थि बाधित दिव्यांग बालक नारसू पोयाम, पिता आयतू राम पोयाम को व्हीलचेयर प्रदान की गई।

व्हीलचेयर मिलने से दोनों बच्चों और उनके परिवारों को बड़ी राहत मिली। अब बच्चों को दैनिक गतिविधियों, स्कूल आने-जाने तथा अन्य आवश्यक कार्यों में सुविधा मिल सकेगी। परिवारजनों ने बताया कि आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे लंबे समय से व्हीलचेयर की व्यवस्था नहीं कर पा रहे थे, लेकिन सुशासन तिहार के माध्यम से उनकी समस्या का शीघ्र समाधान हो गया।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सुशासन तिहार वास्तव में जनता की समस्याओं के समाधान का प्रभावी मंच बन रहा है।

 


अन्य पोस्ट