दन्तेवाड़ा

ओवरहेड टैंक में लीकेज से बाधित हुई जलापूर्ति, टैंकर से पहुंचाया जा रहा पानी
28-May-2026 11:20 PM
ओवरहेड टैंक में लीकेज से बाधित हुई जलापूर्ति, टैंकर से पहुंचाया जा रहा पानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 28 मई। बचेली नगर पालिका कार्यालय के समीप बने ओवरहेड टैंक में लीकेज आने के कारण आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हो गई है। टैंक की मरम्मत का कार्य फिलहाल जारी है, जिसके चलते वार्ड क्रमांक 6 के कई घरों में पानी नहीं पहुंच पा रहा था।

भीषण गर्मी और बढ़ती परेशानी को देखते हुए नगर पालिका द्वारा प्रभावित क्षेत्र में टैंकर के माध्यम से पानी सप्लाई की व्यवस्था शुरू की गई है। सुबह से ही लोग बर्तन और बाल्टियां लेकर पानी भरने पहुंच रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या की जानकारी मिलने के बाद वार्ड क्रमांक 17 के पार्षद प्रतिनिधि धन सिंह नाग ने नगर पालिका अधिकारियों से लगातार संपर्क कर वैकल्पिक जल व्यवस्था कराने का प्रयास किया। उनके प्रयासों के बाद नगर पालिका ने तत्काल टैंकर भेजकर पानी उपलब्ध कराना शुरू किया।

वार्ड क्रमांक 6 की पार्षद श्रीमती विलासिनी नाग ने भी कहा कि टैंक की मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति बहाल हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी पीटीएम कृष्णा राव ने बताया कि ओवरहेड टैंक में आए लीकेज की मरम्मत कार्य तेजी से कराया जा रहा है। नगर पालिका की टीम लगातार निगरानी में कार्य कर रही है ताकि जल्द से जल्द समस्या का समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य पूर्ण होते ही नियमित जलापूर्ति दोबारा शुरू कर दी जाएगी, जिससे वार्डवासियों को राहत मिलेगी।


अन्य पोस्ट