दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 28 मई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक ली गई। बैठक में विद्युत विभाग, प्रधानमंत्री आवास योजना, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधियों, अधिकृत वेंडरों एवं संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक में पीएम सूर्य घर योजना अंतर्गत जिले में स्थापित किए जा रहे रूफटॉप सोलर संयंत्रों की प्रगति, हितग्राहियों के पंजीयन, स्वीकृति एवं स्थापना कार्य की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि तकनीकी स्वीकृति एवं निरीक्षण की प्रक्रिया को सरल एवं त्वरित बनाया जाए, ताकि हितग्राहियों को अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े पात्र हितग्राहियों की सूची साझा कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर योजना से जोडऩे के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में बैंक प्रतिनिधियों को योजना अंतर्गत ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा हितग्राहियों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने को कहा गया। वहीं अधिकृत वेंडरों को गुणवत्ता युक्त सामग्री का उपयोग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में सोलर संयंत्र स्थापना कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
श्री नाहटा नें कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना आम नागरिकों के बिजली बिल में कमी लाने में सहायक होगी। वहीं स्वच्छ एवं नवीकरणीय ऊर्जा को भी बढ़ावा देगी। इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ ऊर्जा आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
बैठक में निर्देशित किया गया कि योजना से संबंधित सभी प्रक्रियाएं पारदर्शी, सरल एवं हितग्राही केंद्रित हों। किसी भी पात्र हितग्राही को योजना का लाभ प्राप्त करने में असुविधा न हो, इसके लिए समय-समय पर शिविर एवं जनजागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जाएं।
बैठक के दौरान योजना के प्रचार-प्रसार, ऑनलाइन पंजीयन, तकनीकी अनुमोदन एवं स्थापना कार्यों में आने वाली चुनौतियों पर भी चर्चा की गई तथा उनके त्वरित निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।


