दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 25 मई। हिमाचल प्रदेश के बीड़ में विगत 14 से 17 मई तक आयोजित ‘संभावनाओं का स्थल - युवा महोत्सव’ में सहभागिता करने वाले दंतेवाड़ा जिले के 20 युवा प्रतिभागी सफलतापूर्वक वापस लौट आए हैं। चार दिवसीय इस राष्ट्रीय युवा आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं ने सहभागिता कर नेतृत्व, नवाचार, सामाजिक जिम्मेदारी एवं सामुदायिक विकास जैसे विषयों पर महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त किए।
महोत्सव के दौरान युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, प्रकृति के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने, स्थानीय स्तर पर विकास एवं नवाचार के अवसरों की पहचान करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के साथ संवाद स्थापित कर सांस्कृतिक आदान-प्रदान, टीम वर्क, सामुदायिक सहयोग एवं आपसी समन्वय जैसे विषयों पर अपने अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम में सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण नवाचार, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग, स्वयंसेवा, सामाजिक नेतृत्व तथा युवाओं की समाज निर्माण में भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। विभिन्न गतिविधियों एवं समूह आधारित आयोजनों के माध्यम से युवाओं ने संवाद कौशल, समस्या समाधान क्षमता, रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास एवं समूह में कार्य करने की कला को और अधिक मजबूत किया।
प्रतिभागियों ने बताया कि यह आयोजन उनके लिए नई सोच विकसित करने, देशभर के युवाओं से सीखने तथा अपने समुदाय और गांव के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा प्राप्त करने का एक यादगार अवसर साबित हुआ।
जिले के युवाओं को इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजन में सहभागिता दिलाने में जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद ठाकुर तथा रोजगार अधिकारी अमित वर्मा के मार्गदर्शन एवं सहयोग से जिले के युवाओं को यह अवसर प्राप्त हुआ।


