दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 21 मई। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला पंचायत में जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा ने समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिलेभर में स्वच्छता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर कचरा प्रबंधन व्यवस्था की सुदृढ़ता से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि जिले में 20 मई से 15 जून तक विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही स्वच्छता गतिविधियों, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, साफ-सफाई एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्य किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का निर्माण करना है। बैठक में जिले के समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के विकासखंड समन्वयक, यूनिसेफ जल एवं स्वच्छता टीम, युवोदय जिला अधिकारी, वालंटियर्स तथा विकासखंड समन्वयक मौजूद थे। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान के दौरान सभी ग्राम पंचायतों में नियमित मॉनिटरिंग करते हुए स्वच्छता संबंधी गतिविधियों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।


