दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 18 मई। राज्य शासन का जनकल्याणकारी अभियान सुशासन तिहार अंतर्गत जिला प्रशासन सोमवार को मटेनार पहुंचा। जनपद पंचायत दंतेवाड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत मटेनार में 12 ग्राम पंचायतों का संयुक्त शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शिविर में पहुंचे। ग्रामीणों द्वारा शासन की विभिन्न समस्याओं और मांगों की पूर्ति हेतु आवेदन प्रस्तुत किए।
शिविर में 400 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें से अनेक मामलों का मौके पर ही निदान किया गया। इस शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा त्वरित सेवाएं प्रदान की गईं। कृषि विभाग द्वारा 11 हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किए गए, वहीं 6 लोगों को जन्म प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा आधार सुधार, महतारी वंदन योजना हेतु आधार लिंकिंग, नए आधार कार्ड निर्माण तथा आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया भी शिविर में संपन्न कराई गई।
ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने एवं समस्याओं के त्वरित समाधान पर संतोष व्यक्त किया। सुशासन तिहार के तहत आयोजित ऐसे शिविरों से शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचानें में कामयाबी मिल रही है।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य कमला विनय नाग, जनपद सदस्य संतनी ठाकुर पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।


