दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 17 मई। दंतेवाड़ा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के परिवहन के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बिना नंबर प्लेट वाली लाल रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से कटेकल्याण से दंतेवाड़ा की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कटेकल्याण रोड स्थित पानी टंकी के पास वाहन जांच अभियान चलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम निरंजन बढ़ई दंतेवाड़ा बताया। पुलिस के अनुसार, वह मूल रूप से मलकानगिरी, ओडिशा का निवासी है।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की डिक्की से भूरे रंग के सेलो टेप में लिपटा 2.400 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने बताया कि जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये है। आरोपी के पास से एक मोबाइल भी बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।


