दन्तेवाड़ा
बचेली, 17 मई। दंतेवाड़ा जिले के बचेली क्षेत्र में पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राम कुमार बर्मन और एसडीओपी किरंदुल कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बचेली के मुण्डरा कैम्प टेकरी क्षेत्र में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन लोगों को पकड़ा।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान चमोरा कोरकोरा, विजय भतरा और जोसेफ हरिजन के रूप में की है, जो मुण्डरा कैम्प बचेली के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 1,870 रुपये नगद और 52 ताश के पत्ते जब्त किए हैं। थाना बचेली में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


