दन्तेवाड़ा

जंगमपाल में ‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम, बच्चों के आधार पंजीयन से उत्साह
15-May-2026 3:01 PM
जंगमपाल में  ‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम, बच्चों के आधार पंजीयन से उत्साह

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 15 मई। राज्य शासन का विशेष बस्तर मुन्ने मिशन अंतर्गत दंतेवाड़ा और सुकमा के सीमावर्ती ग्राम जंगलपाल में दंतेवाड़ा प्रशासन पहुंचा।  कटेकल्याण विकासखंड के जंगमपाल में आयोजित ‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम का कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने गुरुवार को गहन जायजा लिया।

शिविर के दौरान 4 वर्षीय बालिका रेनू कुंजाम, पिता हांदा कुंजाम एवं माता हड़में कुंजाम का आधार कार्ड बनाए जाने पर परिवार ने खुशी व्यक्त की। कलेक्टर ने कहा कि आधार पंजीयन होने से बच्चों एवं ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

इस दौरान कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर ग्रामीणों को दी जा रही सुविधाओं एवं योजनाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देशित करते हुए कहा कि शासन की प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर और प्रभावी ढंग से पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री ध्रुव ने कहा कि जंगमपाल जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में लगाए जा रहे शिविर ग्रामीणों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने बताया कि यह शिविर ग्राम में लगातार तीन दिनों तक संचालित किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा शिविर में प्राप्त आवेदनों एवं कार्यों की समय-समय पर पोर्टल में एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से आधार पंजीयन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, वनाधिकार मान्यता पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड एवं अन्य योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोडऩे को कहा।

उन्होंने निर्देश दिया कि शिविरों में आधार ऑपरेटरों सहित सभी मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहे।

 जिससे ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही किया जा सके।

श्री  ध्रुव ने ग्राम जंगमपाल के सरपंच श्री हड़मा कोवासी से भी आग्रह किया कि गांव के सभी ग्रामीणों को शिविर में आने के लिए प्रेरित करें। जिससे वे अपनी समस्याएं एवं आवश्यकताएं प्रशासन के समक्ष रख सकें और शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशासन के सभी अधिकारी गांव में उपस्थित हैं और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पीएम आवास प्रगति की जांच

इसके पश्चात श्री  ध्रुव ने ग्राम दूधीरास में प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्माणाधीन आवास का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हितग्राही मंगली पति श्री वारे से चर्चा कर आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हितग्राही के पुत्र सौरभ मंडावी से भी संवाद किया। सौरभ ने उन्हें बताया कि वह धुरली आश्रम में कक्षा 10वीं में अध्ययनरत है। कलेक्टर ने उसकी पढ़ाई के संबंध में जानकारी लेते हुए उसे नियमित अध्ययन के लिए प्रोत्साहित किया। कलेक्टर ने परिवार से खेती-किसानी एवं पेयजल व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। इस दौरान हितग्राही परिवार ने बताया कि गांव में नल के माध्यम से पेयजल की सुविधा उपलब्ध है तथा वे खेती का कार्य करते हैं। कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य दूरस्थ ग्रामीण परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाना है और प्रशासन लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है। इस अवसर पर जनपद पंचायत के सीईओ आशीष डे और विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। —--


अन्य पोस्ट