दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 12 मई। जिला प्रशासन की समय सीमा की बैठक संयुक्त जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित की गई। कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने विभागीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने विशेष रूप से सुशासन तिहार के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, उनकी निराकरण स्थिति तथा लंबित प्रकरणों पर गंभीरता से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सुशासन तिहार के अन्तर्गत विभागों को प्राप्त आवेदनों के प्रभावी निराकरण को अधिकारीगण गंभीरता से लें। शिविर में मंत्रियों के प्रस्तावित निरीक्षण के दौरान हितग्राहियों से जुड़े समस्याओं की गहन समीक्षा की जायेगी।
श्री ध्रुव ने विभागवार लंबित मांगों एवं समस्याओं की समीक्षा करते हुए समयबद्ध कार्यवाही एवं योजनाओं के शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण जोर दिया। साथ ही ‘बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर)’ कार्यक्रम की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसमें पात्र हितग्राहियों की पहचान, लंबित प्रकरणों के निराकरण एवं योजनाओं के पूर्ण सेचुरेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने ‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु तहसीलदारों को भी आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने तथा फील्ड स्तर पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए।


