दन्तेवाड़ा

आईपीएल में बस्तरिया व्यंजन सुर्खियों में
10-May-2026 11:16 PM
आईपीएल में बस्तरिया व्यंजन सुर्खियों में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

 दंतेवाड़ा, 10 मई। बस्तर  के पारंपरिक व्यंजनों की पहचान अंतरराष्ट्रीय पटल पर हो रही है। जिससे बस्तर ख्याति हासिल कर रहा है।

   राजधानी रायपुर में आयोजित इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के हालिया खेले मुकाबलों के दौरान दंतेवाड़ा जिले की प्रगति स्व सहायता समूह से जुड़ी चंदा दीदी के व्यंजनों के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर कायल हो गए। विराट कोहली और क्रुणाल पंड्या बस्तरिया व्यंजनों के दीवाने हो गए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के अंतर्गत कार्य कर रही चंदा ने इस वैश्विक मंच पर न केवल बस्तर के व्यंजनों को परोसा, बल्कि वहां की सांस्कृतिक पहचान को भी एक नई ऊंचाई प्रदान की।

    आईपीएल मैच के दौरान खिलाडिय़ों के लिए तैयार किए गए विशेष मेनू में चंदा दीदी ने महुआ से बने पौष्टिक लड्डू, श्री अन्न कोदो-कुटकी व बाजरे के व्यंजन और बस्तर की विश्व प्रसिद्ध तीखी-चटपटी ‘चापड़ा चटनी’ को शामिल किया था। इन पारंपरिक स्वादों का लुत्फ उठाने के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर विराट कोहली, रजत पाटीदार और स्वप्निल सिंह ने व्यंजनों की गुणवत्ता और विशिष्ट स्वाद की जमकर सराहना की।

यह पहला अवसर नहीं है, जब चंदा दीदी के हाथों के स्वाद ने किसी बड़ी हस्ती को प्रभावित किया हो, इससे पूर्व बस्तरिया महुआ लड्डू का ज़ायका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ले चुके हैं, जिसकी प्रशंसा राष्ट्रीय स्तर पर हुई थी।

चंदा दीदी का यह सफर संघर्ष और स्वावलंबन की एक अनूठी मिसाल है। पिछले कई वर्षों से ‘बिहान’ योजना से जुडक़र वे न केवल खुद को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं, बल्कि अन्य ग्रामीण महिलाओं के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हुई हैं। जिला प्रशासन और बिहान टीम के निरंतर सहयोग से वे देश के विभिन्न कोनों में आयोजित होने वाली प्रदर्शनियों में ‘बस्तरिया फूड स्टॉल’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों का विपणन करती आ रही हैं।

आधुनिक तकनीक से मार्केटिंग में सुविधा

उनकी इस प्रतिभा को निखारने के लिए जिला मिशन प्रबंधक इकाई के डीपीएम आजीविका नितेश कुमार देवांगन ने एक महत्वपूर्ण योजना साझा की है, जिसके तहत इस वर्ष उन्हें च्नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंटज् में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण दिलाया जाएगा।

इस उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के माध्यम से चंदा दीदी को फूड प्रोसेसिंग, पैकेजिंग और आधुनिक मार्केटिंग की उन्नत तकनीकें सीखने को मिलेंगी, जिससे उनके उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में एक ब्रांड के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी। बिहान योजना के माध्यम से दंतेवाड़ा की महिलाओं को मिल रहा यह प्रोत्साहन न केवल स्वरोजगार के नए द्वार खोल रहा है, बल्कि बस्तर की पारंपरिक विरासत को आधुनिक स्वरूप में दुनिया के सामने पेश कर रहा है।


अन्य पोस्ट