दन्तेवाड़ा

बस्तर मुन्ने अभियान: फूलनार में तीन दिनी विशेष जनसमस्या निवारण
10-May-2026 3:39 PM
बस्तर मुन्ने अभियान: फूलनार में तीन दिनी विशेष जनसमस्या निवारण

सह जनकल्याणकारी शिविर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

दंतेवाड़ा, 10 मई। शासन का बस्तर मुन्ने अभियान फूलनार के ग्रामीणों हेतु अविस्मरणीय रहा। ‘बस्तर मुन्ने’ कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम पंचायत फूलनार में विगत 4 से 6 मई तक तीन दिवसीय विशेष जनसमस्या निवारण सह जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में निवासरत लोगों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ गांव स्तर पर ही उपलब्ध कराना तथा हितग्राहियों को योजनाओं से जोडऩा था।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही हितग्राहियों के आवेदन प्राप्त कर उनका त्वरित निराकरण करते हुए आवश्यक दस्तावेज एवं प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए। शिविर के दौरान ग्रामीणों में शासन की योजनाओं के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।

  कार्यक्रम के अंतर्गत सामाजिक एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से कुल 142 परिवारों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इसके अलावा किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने हेतु 103 परिवारों का किसान क्रेडिट कार्ड बनाया गया। जिससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए आसान ऋण सुविधा प्राप्त हो सकेगी। खाद-बीज, कृषि उपकरण एवं अन्य आवश्यक कार्यों में भी इसका लाभ मिलेगा।

ग्रामीणों को खाद्य सुरक्षा योजनाओं से जोडऩे के उद्देश्य से 71 परिवारों को राशन कार्ड प्रदान किए गए। वहीं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में 104 परिवारों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए, जिससे पात्र हितग्राहियों को शासन द्वारा निर्धारित अस्पतालों में नि:शुल्क उपचार की सुविधा मिल सकेगी। शिविर के दौरान डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देते हुए ई-केवाईसी एवं आधार संबंधी कार्य भी किए गए। इस दौरान कुल 36 लोगों के ई-केवाईसी एवं आधार अपडेट संबंधी कार्य पूर्ण किए गए।जिससे ग्रामीणों को भविष्य में विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी।

राजस्व विभाग द्वारा ग्रामीणों के दस्तावेजों का परीक्षण कर मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किए गए। इस दौरान 53 जाति प्रमाण पत्र, 53 निवास प्रमाण पत्र एवं 77 आय प्रमाण पत्र वितरित किए गए। ग्रामीणों ने गांव में ही प्रमाण पत्रों के मिलने पर विस्मय जताया। इस प्रकार से शिविर में ग्रामीणों को अनेक सैकड़ो दस्तावेज आसानी से मिल सके।


अन्य पोस्ट