दन्तेवाड़ा

बंगाल-असम में जीत पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न
07-May-2026 10:19 PM
बंगाल-असम में जीत पर भाजपाइयों ने मनाया जश्न

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बचेली, 7 मई। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में तीन राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की जीत के बाद बचेली नगर में भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने जोरदार जश्न मनाया। नगर के मुख्य मार्ग गौरव पथ स्थित हनुमान मंदिर बजरंग चौक के पास बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्रित हुए और जीत की खुशी में भाजपा के झंडे लहराते हुए भाजपा जिंदाबाद एवं नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाए।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की तथा एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का उत्सव मनाया। साथ ही सभी झालमुड़ी भी खिलाई गई। भाजपा समर्थकों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी खुशी साझा की। पूरे क्षेत्र में देर तक उत्साह और जश्न का माहौल बना रहा।

भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व, पार्टी की नीतियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। कार्यकर्ताओं ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ देशभर में आगे बढ़ेगी।

इस दौरान पालिकाध्यक्ष राजू जायसवाल, मंडल अध्यक्ष अमलेंदु चक्रवर्ती, विधायक प्रतिनिधि निलेश पाटले, जिला अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष धन सिंह नाग, महिला मोर्चा जिला महामंत्री श्रीमती गीताजलि जायसवाल, विलासिनी नाग व अन्य पदाधिकारी व सदस्यों की मौजूदगी रही।


अन्य पोस्ट