दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 7 मई। राज्य शासन का फ्लैगशिप मिशन सुशासन तिहार अंतर्गत जिला प्रशासन कुआकोंडा विकासखंड अंतर्गत ग्राम हल्बारास गुरुवार को पहुंचा। हल्बारास के 9 ग्राम पंचायतों हल्बारास, मैलावाड़ा, कुआकोंडा, गढ़मिरी, रेंगानार, नकुलनार, हितावर, गोंगपाल एवं बड़े हड़मामुंडा हेतु जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ ‘सुशासन तिहार, प्रशासन गांव की ओर’ थीम के साथ किया गया। पंचायत के नोडल अधिकारी देवेंद्र उईके द्वारा शिविर की रूपरेखा एवं उद्देश्य पर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में कुल 103 आवेदन प्राप्त हुए। जिनके निराकरण की कार्रवाई संबंधित विभागों द्वारा की जा रही है।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने जनसमस्या निवारण शिविर का निरीक्षण कर विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया।
उन्होंने ग्रामीण जनों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने सहकारिता विभाग को पशुपालकों के लिए अनिवार्य रूप से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी शिविरों का आयोजन मोबाइल नेटवर्क क्षेत्र में करने, सभी विभागों द्वारा योजनाओं एवं बैंक खाता खोलने हेतु हार्ड कॉपी आवेदन फार्म उपलब्ध कराने तथा आवास एवं पेंशन हितग्राहियों को आगामी शिविरों में ही राशि भुगतान की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 72 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयों का वितरण किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा 3 किसानों को जाल वितरण किया गया। वहीं 11 हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड तथा 10 लोगों को श्रमिक कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत अध्यक्ष कुआकोंडा सुकालू मुडामी, जनपद सदस्य मनीषा कोर्राम, ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं ग्रामीण मौजूद थे।


