दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बचेली, 6 मई। अंतरराष्ट्रीय मज़दूर दिवस एवं इंटक स्थापना दिवस के अवसर पर मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन (इंटक) द्वारा आयोजित इंटक कप 2026 रात्रिकालीन टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का समापन 4 मई को रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। फाइनल मैच बारसूर टाइगर्स और बचेली कैपिटल के बीच खेला गया, जिसमें बारसूर टाइगर्स ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की।
यह प्रतियोगिता 23 अप्रैल से प्रारंभ होकर लगातार 10 दिनों तक चली, जिसमें कुल 32 टीमों ने हिस्सा लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खेल मैदान में दर्शकों की भारी भीड़ और उत्साह देखने को मिला, वहीं फाइनल मुकाबले के बाद आतिशबाजी ने माहौल को और भी उत्सवमय बना दिया।
विजेता टीम बारसूर टाइगर्स को श्री श्रीधर कोडाली (एचओपी, एनएमडीसी बीआईओएम बचेली कॉम्प्लेक्स), श्री महेश नायर (महाप्रबंधक, एचआर) एवं श्री आशीष यादव (महासचिव, मेटल माइंस वर्कर्स यूनियन इंटक) के हाथों ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
यूनियन के अध्यक्ष चंद्र कुमार मंडावी ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य क्षेत्र के ग्रामीण और उभरते खिलाडिय़ों को मंच देना तथा उन्हें खेल के प्रति प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि यूनियन द्वारा भविष्य में भी ऐसे आयोजनों का आयोजन कर स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास जारी रहेगा।
इस आयोजन ने खेल भावना, आपसी सहयोग और क्षेत्रीय प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।