दन्तेवाड़ा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
दंतेवाड़ा, 5 मई। जिला प्रशासन द्वारा खनिज उत्खनन क्षेत्रों में जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। जिससे अवैध खनन पर लगाम लग सके। जांच दल द्वारा दंतेवाड़ा जिले के भैरमबंद, मांझीपदर, बालूद. बालपेट, गीदम, भांसी एवं दंतेवाड़ा क्षेत्र में औचक निरीक्षण के दौरान गौण खनिज साधारण पत्थर, रेत का अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाये गये वाहन चालकों, मालिकों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज किया गया है। इसके साथ ही मौके पर पंचनामा तैयार कर संबंधित वाहनों को जब्त किया गया।
इस दौरान उपरोक्तानुसार अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते हुए कुल 12 वाहन, मशीन मालिकों के विरुद्ध खान एवं खनिज विकास तथा विनियमन अधिनियम 1957 की धारा 21(4) में जब्त कर 21(5) के तहत् आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पूर्व में भी जिले के खनिज ठेकेदारों, खनिज परिवहनकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि बिना वैध अभिवहन पास के खनिजों का परिवहन करना दण्डनीय अपराध है। अत: अवैध उत्खनन य परिवहनकर्ताओं के विरूद्ध पुन: इसी प्रकार कृत्य करने पर दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर के निर्देशन में जिले में खनिज के अवैध उत्खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु खनिज अमलें द्वारा निरन्तर जांच किया जा रहा है।


