दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 3 मई। दंतेवाड़ा के ग्राम भूसारास में जल जीवन मिशन अंतर्गत विशेष उपलब्धि हासिल की गई। इस गांव में जल जीवन मिशन से हर घर में पेयजल पहुँच रहा है।
इसी क्रम में केंद्र सरकार के अतिरिक्त सचिव एवं राष्ट्रीय जल जीवन मिशन के मिशन संचालक कमल किशोर सोन ने भूसारास का दौरा रविवार को किया। श्री सोन नें भूसारास में नल-जल योजना का गहन अवलोकन किया। इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान उनके साथ राज्य शासन के अतिरिक्त मिशन संचालक ओंकेश चन्द्रवंशी भी मौजूद थे। जहाँ उन्होंने ग्राम स्तर पर बुनियादी ढांचे और सेवा वितरण की जमीनी हकीकत को परखा।
2.82 करोड़ की लागत से हर घर जल
इस गांव में जल जीवन मिशन अंतर्गत लगभग 2 करोड़ 82 लाख रुपए की लागत से तैयार इस जल प्रदाय योजना का अवलोकन करते हुए अतिरिक्त सचिव श्री सोन घर-घर पहुंचे। उन्होंनें जल आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने वहाँ मौजूद ग्रामीणों और जल वाहिनियों से सीधा संवाद किया और योजना के संचालन तथा पानी की गुणवत्ता को लेकर उनके अनुभव जाने। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की उपस्थिति में जल की गुणवत्ता का वैज्ञानिक परीक्षण भी कराया गया, जिसके सकारात्मक परिणामों ने योजना की सफलता पर मुहर लगा दी।
सरपंच को अभिनंदन पत्र
कार्यक्रम के एक महत्वपूर्ण पड़ाव में श्री सोन ने ‘जल अर्पण’ कर इस पूरी योजना के संचालन एवं संधारण की जिम्मेदारी औपचारिक रूप से ग्राम पंचायत को सौंप दी। इस अवसर पर उन्होंने ग्राम पंचायत के सरपंच श्री राजेन्द्र मंडावी को अभिनंदन पत्र प्रदान कर सम्मानित किया, जो सामुदायिक सहभागिता का एक उत्कृष्ट उदाहरण बना। ग्रामीणों ने अतिथियों का आत्मीय स्वागत करते हुए शासन के प्रति आभार जताया। सरपंच श्री मंडावी ने इस दौरान कहा कि इस योजना ने पूरे गांव को स्वच्छ पेयजल की समस्या से मुक्ति दिला दी है।
अपने संबोधन में श्री सोन ने ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए इस बात पर जोर दिया कि योजना का भविष्य में भी बेहतर रखरखाव किया जाए। जिससे हर घर तक शुद्ध जल की सतत उपलब्धता बनी रहे।
कार्यक्रम के अंत में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन के अध्यक्ष व कलेक्टर द्वारा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा, अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे और पीएचई के ईई जगदीश कुमार एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद थे।


